कालसी पुलिस ने चोरी की बाइक सहित दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, नशे की लत पूरी करने के लिए दिया था वारदात को अंजाम-Newsnetra
देहरादून। कालसी पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में नशे की लत पूरी करने के लिए बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को ग्राम सईया बाजार निवासी सचिन राज ने कोतवाली कालसी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूके-16-ई-5426 चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर 12 जून 2026 को लालढांग किलोड़ पुल के पास चेकिंग के दौरान दो युवकों को चोरी की गई मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिल (22 वर्ष) पुत्र प्यारेलाल एवं सतपाल (22 वर्ष) पुत्र सारू सिंह, दोनों निवासी ग्राम अमराया, थाना कालसी, देहरादून के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूके-16-ई-5426 (काले रंग की) बरामद कर ली है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीरज कठैत (चौकी प्रभारी सईया), हेड कांस्टेबल उपेंद्र भंडारी, कांस्टेबल संतोष कंडवाल, कांस्टेबल रजनीश कुमार तथा पीआरडी जवान सुभाष कुमार शामिल रहे।





