देहरादून में एसटीएफ और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 80 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद-Newnetra
देहरादून। उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और देहरादून पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर प्रहार किया है। पुलिस ने थाना पटेलनगर क्षेत्र में एक ट्रक से पंजाब मार्का की 80 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर प्रदेश में हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से लाई जा रही अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ और थाना पटेलनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, पकड़ी गई शराब को पंजाब के मोहाली से ट्रक में लोड कर उत्तराखंड लाया जा रहा था। बरामद शराब में 25 पेटी रॉयल स्टैग की 300 बोतलें, 35 पेटी मैकडोवेल के 1680 पव्वे तथा 20 पेटी इंपीरियल ब्लू के 960 पव्वे शामिल हैं। पुलिस ने शराब से भरे ट्रक संख्या UK12CA-0451 को भी कब्जे में ले लिया है।
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगजीत सिंह पुत्र हरदीत सिंह निवासी ग्राम बुडनपुर, थाना बनूर, जिला मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना पटेलनगर में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि उत्तराखंड में नशे और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त तत्वों के खिलाफ एसटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
इस कार्रवाई को उत्तराखंड पुलिस के “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।





