गुरु पूर्णिमा पर ओम साईं नारायण सेवा धाम में निकली भव्य साईं पालकी एवं कलश यात्रा, भजन सम्राट ब्रजेश शुक्ला के भजनों पर झूमे श्रद्धालु-Newsnetra
देहरादून। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शास्त्री नगर स्थित ओम साईं नारायण सेवा धाम में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर भव्य साईं पालकी एवं कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साईं बाबा के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।


पालकी यात्रा के उपरांत श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान साईं बाबा के सार्वभौमिक संदेश “सबका मालिक एक” को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया।
शाम के समय आयोजित विशाल भजन संध्या कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन सम्राट ब्रजेश शुक्ला ने अपनी मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत लोकप्रिय भजन “हम बाबावाले हैं” पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। वहीं भजन गायक देवेंद्र सिंह रावत ने भी अपनी मनमोहक भजन प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री शूरवीर सिंह सजवाण भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने साईं बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रद्धालुओं के साथ भजन संध्या में सहभागिता निभाई।
संस्था के संस्थापक श्री हरि किशन पेटवाल ने गुरु पूर्णिमा की सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में पधारे सभी भक्तों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। भजन संध्या के समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं को भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर पार्षद राकेश पंडित, जेपी कुकरेती, श्रीमती निमेष डंगवाल, रुचि सैनी, श्रीमती लाजवंती पेटवाल, रेणु त्रिपाठी, मंजू शुक्ला, सुमन कला, जय किशन, मनोज पेटवाल, रमाकांत त्रिपाठी, जयपाल सैनी, ओपी रात्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।





