राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में धामी सरकार का बड़ा फैसला, दो आंदोलनकारियों को ₹20 हजार की अतिरिक्त सहायता-Newsnetra
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा बीते पांच सालों में कई ऐतिहासिक निर्णयों में से एक निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय है। जिस देवभूमि उत्तराखंड पर आज हम गर्व करते हैं, उसकी स्थापना के लिए हमारे राज्य आंदोलनकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। उनके दिन-रात के कठिन संघर्ष और बलिदानों की बदौलत ही आज हम गर्व से कह पाते हैं कि हम उत्तराखंडी हैं।

इस आंदोलन के दौरान कई आंदोलनकारी गंभीर रूप से घायल और दिव्यांग हो गए थे। विशेष रूप से 1994 के दुखद रामपुर तिराहा कांड में पुलिस की गोलियों से घायल होकर पूर्णतः शैय्याग्रस्त (बिस्तर पर निर्भर) हुए दो राज्य आंदोलनकारी—श्री प्रकाश चन्द्र कांति और देहरादून निवासी श्री अमित ओबराय।
सरकार द्वारा इन दोनों वीरों के त्याग को सम्मान देते हुए एक बेहद संवेदनशील फैसला लिया गया है, दोनों आंदोलनकारियों को वर्तमान में 30 हजार प्रति माह विशेष सम्मान पेंशन दी जा रही है। वहीं अब उनकी दैनिक देखभाल और उपचार के लिए 20 हजार प्रति माह की अतिरिक्त आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
ऐसे तो उनके त्याग और आजीवन झेले जा रहे दर्द के आगे कोई भी आर्थिक सहायता कम है, फिर भी राज्य सरकार का यह कदम अत्यंत प्रशंसनीय है। आज भी ये दोनों आंदोलनकारी बिस्तर से उठने में असमर्थ हैं। हम भले ही उनके शारीरिक कष्ट को पूरी तरह न महसूस कर सकें, लेकिन उत्तराखंड राज्य के निर्माण में उनके इस महान योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
राज्य के आंदोलनकारियों के प्रति इस संवेदनशीलता और सम्मान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ-साथ सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी बधाई और सराहना के पात्र हैं।






