हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन फ्लाईओवर से लोहे का गर्डर गिरने से दो कांवड़ियों की मौत, सुरक्षा मानकों की जांच शुरू-Newsnetra
कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे आराम कर रहे दो कांवड़ियों पर अचानक भारी लोहे का गर्डर गिर गया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में थकान होने पर वे बढ़ेड़ी राजपूतान के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान फ्लाईओवर पर रखा भारी लोहे का गर्डर अचानक खिसककर उनके ऊपर आ गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को मलबे के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतकों की पहचान 21 वर्षीय तनुज, निवासी मुरादनगर 22 वर्षीय किशन, निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है।
इस हादसे के बाद कांवड़ियों और स्थानीय लोगों में शोक के साथ-साथ निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही यह जांच शुरू कर दी गई है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।





