एडवोकेट ललित मोहन जोशी को ‘घन्ना भाई सम्मान-2026’, नशा मुक्ति और शिक्षा में योगदान के लिए मिला सम्मान-Newsnetra
उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोक हास्य को नई पहचान दिलाने वाले स्वर्गीय घन्ना भाई की 73वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में एडवोकेट ललित मोहन जोशी को ‘घन्ना भाई सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें नशा उन्मूलन और शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे सामाजिक कार्यों के लिए दिया गया।
घन्ना भाई फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुप्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और पद्मश्री से सम्मानित लोकगायक प्रीतम भरतवाण ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मान प्रदान किया।
एडवोकेट ललित मोहन जोशी पिछले 15 वर्षों से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का अभियान चला रहे हैं। उनके नेतृत्व में स्कूलों और कॉलेजों में सेमिनार, संवाद कार्यक्रम, शपथ अभियान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन अभियानों के जरिए हजारों छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय माना जाता है। उनके नेतृत्व में संचालित सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में ‘मिशन एजुकेशन’ के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को हर साल निशुल्क उच्च शिक्षा दी जाती है। इस योजना के माध्यम से प्रतिवर्ष करीब 300 छात्रों को बिना आर्थिक बोझ के पढ़ाई का अवसर मिलता है।
सम्मान मिलने के बाद एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने घन्ना भाई फाउंडेशन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय घन्ना भाई ने अपनी कला के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का काम किया। उनकी स्मृति में मिला यह सम्मान उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सभी शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और विद्यार्थियों का भी है, जो वर्षों से नशामुक्त समाज और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभियान में उनके साथ जुड़े हुए हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी नशा उन्मूलन और मिशन एजुकेशन के जरिए समाज के अधिक से अधिक लोगों तक शिक्षा और जागरूकता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा





