देहरादून में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से चेन लूट, रास्ता पूछने के बहाने रोका और झपटकर फरार हुआ स्कूटी सवार; CCTV में कैद हुई वारदात-Newsnetra
बसंत विहार थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से एक्टिवा सवार ने चेन लूट ली। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वसंत विहार फेज-2 निवासी विकास मित्तल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां राजरानी मित्तल रोजाना की तरह 14 अगस्त की शाम करीब 4:45 बजे घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान एक्टिवा सवार एक व्यक्ति उनके पास आया और किसी व्यक्ति का पता पूछने लगा। बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक उनकी गर्दन से सोने की चेन झपट ली और उन्हें धक्का देकर मौके से फरार हो गया। तहरीर के अनुसार, आरोपी के धक्का देने से राजरानी सड़क पर गिर गईं।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर चेन बरामद करने और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर स्कूटी सवार की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।




