देवप्रयाग के मेधावी विद्यार्थियों से मिले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, बोले- सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं
देहरादून। भारत भ्रमण पर निकले देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी और टॉपर विद्यार्थियों ने गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से मुलाकात की। विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों से मुख्य सचिव ने पढ़ाई, करियर, तकनीक और जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को बदलती तकनीक के साथ खुद को लगातार अपडेट करने और अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों के अच्छे प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता उनकी मेहनत का परिणाम है। साथ ही उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों के लिए विधायक विनोद कंडारी की ओर से शुरू की गई भारत भ्रमण की पहल की भी सराहना की।
तकनीक का इस्तेमाल सीखने और आगे बढ़ने के लिए करें
मुख्य सचिव ने मोबाइल और तकनीक के इस्तेमाल को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि तकनीक जहां सीखने और आगे बढ़ने के नए अवसर देती है, वहीं इसके गलत इस्तेमाल से नुकसान भी हो सकता है। विद्यार्थियों को तकनीक का उपयोग अपनी पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने के लिए करने की सलाह दी गई।
उन्होंने बच्चों में बढ़ते तनाव और अवसाद जैसी समस्याओं का भी जिक्र किया। कहा कि किसी परेशानी या गलती की स्थिति में बच्चों को अकेले रहने के बजाय माता-पिता, शिक्षकों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से खुलकर बातचीत करनी चाहिए।
नशे से दूर रहें, दोस्ती का चुनाव सोच-समझकर करें
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि कई बार दोस्ती या साथियों के दबाव में बच्चे गलत आदतों की ओर बढ़ जाते हैं। ऐसे किसी भी दबाव में आने के बजाय विद्यार्थियों को अपने फैसले सोच-समझकर लेने चाहिए।
उन्होंने पढ़ाई के साथ म्यूजिक, सिंगिंग, स्पोर्ट्स अथवा अपनी रुचि की अन्य गतिविधियों को हॉबी के रूप में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ जीवन में संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।
भारत भ्रमण को सीखने का अवसर बनाएं
देवप्रयाग के विद्यार्थियों के भारत भ्रमण को लेकर मुख्य सचिव ने कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों को देखने, नई संस्कृतियों को समझने और विभिन्न लोगों से मिलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से इस यात्रा को केवल घूमने तक सीमित न रखते हुए अधिक से अधिक नई चीजें सीखने और अपने अनुभवों को संजोकर रखने का आह्वान किया।
मुख्य सचिव ने कहा कि यात्रा के दौरान हासिल किए गए अनुभव भविष्य में विद्यार्थियों के लिए यादगार और उपयोगी साबित हो सकते हैं।
दूसरे क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी मिले ऐसा अवसर
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मेधावी विद्यार्थियों के लिए भारत भ्रमण की इस पहल को अन्य क्षेत्रों में भी शुरू किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से भी विद्यालयी और उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों को भारत भ्रमण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।








