विधायक सुरेश सिंह चौहान ने आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में चल रहे रेस्क्यू अभियान का लिया जायजा-Newsnetra
उत्तरकाशी। आज जनपद उत्तरकाशी स्थित आपदा कंट्रोल रूम में माननीय विधायक श्री सुरेश सिंह चौहान जी ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम के कारण फंसे ट्रैकर्स की सुरक्षित वापसी हेतु चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की वर्तमान स्थिति, ट्रैकर्स की लोकेशन, स्वास्थ्य एवं उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा अभियान में जुटी टीमों से निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनपद के कालिंदी पास एवं ऑडेन कॉल क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण प्रभावित ट्रैकर्स एवं सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित निकालने के लिए जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुल 136 ट्रैकर्स/सपोर्ट स्टाफ प्रभावित हुए हैं, जिनमें से ऑडेन पास क्षेत्र से 40 ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। वहीं कालिंदी क्षेत्र में शेष ट्रैकर्स की सुरक्षित वापसी के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

माननीय विधायक श्री सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के निर्देशानुसार प्रत्येक ट्रैकर एवं पोर्टर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आवश्यकता के अनुसार हेली रेस्क्यू, चिकित्सा सहायता, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कुछ अनुभवी एक्सपीडिशन दलों के सदस्यों ने अपनी इच्छा से फिलहाल वहीं रुकने का निर्णय लिया है, जबकि मौसम की अनुकूल परिस्थितियों के अनुसार शेष ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने की कार्यवाही प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री, पर्यटक, ट्रैकर एवं पर्वतारोही की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन एवं सभी संबंधित रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता एवं समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।
इस दौरान गंगोत्री धाम के दर्शन एवं मां गंगा के पावन आशीर्वाद हेतु आए श्रद्धालुओं से भी विधायक श्री चौहान ने आत्मीय मुलाकात कर चारधाम यात्रा एवं यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया गया। माननीय विधायक श्री सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री प्रशांत आर्य जी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
माननीय विधायक श्री सुरेश सिंह चौहान ने मां गंगा एवं बाबा काशी विश्वनाथ जी से सभी ट्रैकर्स, पोर्टर्स एवं रेस्क्यू अभियान में जुटे सभी सदस्यों की सकुशल एवं सुरक्षित वापसी की कामना की।








