श्री साईं शिव गंगा धाम बहदराबाद में गूंजा साईं नाम, शिरडी से आई पावन चरण पादुकाओं के हुए दर्शन; भजन गायक ब्रजेश शुक्ला के भजनों पर झूमे सैकड़ों श्रद्धालु-Newsnetra
हरिद्वार बहदराबाद स्थित श्री साईं शिव गंगा धाम में शिरडी संस्थान से विशेष रूप से लाई गई साईं बाबा की पावन चरण पादुकाएं साईं भक्तों के दर्शनार्थ रखी गईं। इस अलौकिक अवसर पर भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पावन पादुकाओं के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

धाम के संस्थापक श्री राजीव कुमार बंसल के विशेष प्रयासों से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में शिरडी संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रधान पुजारी ने भी विशेष रूप से शिरकत की।
इस धार्मिक उत्सव के दौरान एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोपहर 1:00 बजे बाबा के भोग प्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। उत्सव में सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा साईं बाबा के भजनों का गुणगान किया गया।

देहरादून के विख्यात भजन सम्राट ब्रजेश शुक्ला ने “हम बाबा वाले” जैसे सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया, जिससे उपस्थित सभी भक्त झूमने पर मजबूर हो गए।
इस अवसर पर भजन सम्राट ब्रजेश शुक्ला और साईं नारायण सेवा धाम (देहरादून) के संस्थापक श्री हरी किशन पेटवाल द्वारा साईं भक्तों को ‘श्री साईं सच्चरित्र’ पावन पुस्तक और ‘साईं उदी’ भेंट स्वरूप प्रदान की गई।
श्री ब्रजेश शुक्ला ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले 15 अक्टूबर को बाबा के समाधि दिवस के पावन अवसर पर धाम में ‘सर्व सद्भावना दिवस’ मनाया जाएगा। इस विशेष दिन समाज को सद्भाव, आपसी प्रेम, भाईचारा और बाबा के मूल मंत्र “सबका मालिक एक है” का संदेश प्रसारित किया जाएगा।








