अंतिम मतदाता सूची पर कांग्रेस का विरोध, 13 लाख से अधिक हटाए गए नामों का विधानसभा-वार ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग-Newsnetra
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अंतिम मतदाता सूची पर असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने चुनाव आयोग से 13 लाख से अधिक हटाए गए मतदाताओं का विधानसभा-वार पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की।
राजीव भवन में मीडिया से वार्ता में उन्होंने कहा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी. पुरुषोत्तम की ओर से घोषित मतदाता सूची में गड़बड़ी है। उनका आरोप है कि हटाए गए अधिकतर मतदाता वोट चोरी के फॉर्मूले से हटाए गए हैं। धस्माना ने बताया कि फॉर्म-छह और फॉर्म-सात में हुई गड़बड़ी उजागर हुई है
इसके बाद आयोग ने अपना रुख बदला है। इस पूरी कवायद पर सवाल खड़े हो रहे हैैं। कांग्रेस ने मांग की है कि काटे गए सभी मतदाताओं के नाम तत्काल मतदाता सूची में वापस जोड़े जाएं। धस्माना ने कहा, कांग्रेस को एसआईआर में की गई यह जोड़-घटाव मंजूर नहीं है। उन्होंने आयोग से इस मामले में पारदर्शिता बरतने को कहा। उन्होंने कहा, यह मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
एसआईआर में धांधली पर इंडिया गठबंधन प्रदेश में करेगा व्यापक आंदोलन : गोदियाल
इंडिया गठबंधन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित धांधली के विरोध में उत्तराखंड में व्यापक आंदोलन चलाने का एलान किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में हुई बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई ।
बैठक में एसआईआर प्रक्रिया में सामने आ रही कथित अनियमितताओं पर विस्तृत चर्चा हुई। नेताओं ने मतदाता सूचियों में मनमाने ढंग से नाम जोड़ने या हटाने और मतदाताओं को परेशान करने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
वक्ताओं ने जोर दिया कि मताधिकार से किसी भी पात्र नागरिक को वंचित करना लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रहार है। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा, वे संयुक्त रूप से जनता के बीच जाकर लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के लिए जनआंदोलन खड़ा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण में पारदर्शिता पर सवाल उठना चिंताजनक है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पात्र मतदाताओं के अधिकारों से खिलवाड़ नहीं होने देंगे।
आंदोलन की रणनीति
बैठक में मतदाता बचाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया गया। निर्णय लिया गया कि एसआईआर प्रक्रिया से प्रभावित प्रत्येक नागरिक की आवाज उठाएंगे। बैठक में इन्द्रेश मैखुरी, अतुल सती, अतुल शर्मा, राजेन्द्र नेगी, शंकर गोपाल, पुरोहित और शीशपाल सिंह बिष्ट सहित कई नेता उपस्थित रहे।








