अंकिता भंडारी केस: नार्को टेस्ट के लिए गुजरात रवाना हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर, 24 नवंबर को होगा टेस्ट-Newsnetra
अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच में अब पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट अहम कड़ी बनने जा रहा है। अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बाद राठौर भी नार्को टेस्ट के लिए तैयार हो गए। सोमवार को वह गुजरात के गांधीनगर के लिए रवाना हो गए। उनका नार्को टेस्ट 24 नवंबर को होना है। रवाना होने से पहले उन्होंने सीबीआई जांच में पूरा सहयोग करने की बात कहते हुए वीडियो जारी किया।

इसके बाद उत्तराखंड में इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई थीं। ऑडियो प्रकरण के बाद सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के सिलसिले में सीबीआई की टीम हरिद्वार पहुंचकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ कर चुकी है।
वहीं, जेल से बाहर आने के बाद उर्मिला सनावर ने देहरादून में सीबीआई के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे। अब सीबीआई दोनों का नार्को टेस्ट कराने की प्रक्रिया में जुटी है। 24 नवंबर को होने वाले नार्को टेस्ट के लिए सोमवार की सुबह सुरेश राठौर गुजरात के लिए रवाना हो गए।
पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलना चाहिए और इसके लिए जांच एजेंसी जो भी प्रक्रिया अपनाएगी, उसमें वह सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि सीबीआई की ओर से उन्हें नोटिस प्राप्त हो चुका है। वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत नार्को टेस्ट कराने के लिए गांधीनगर जा रहे हैं। उन्होंने सीबीआई जांच का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें जांच में सहयोग करने से कोई आपत्ति नहीं है।







