7 फेरे के बाद दहेज की मांग ने तोड़ा रिश्ता, 20 लाख नहीं मिले तो दुल्हन को ले जाने से किया इनकार-Newsnetra
सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने की कस्में खाईं लेकिन शादी के कुछ घंटे बाद ही दहेज की मांग ने रिश्ते में दरार डाल दी। आरोप है कि दूल्हे और उसके परिजनों ने विदाई से पहले दुल्हन के परिवार से 20 लाख रुपये मांगे। रकम नहीं मिलने पर नवविवाहिता को दिल्ली ले जाने से इन्कार कर दिया। आखिरकार दुल्हन मायके में ही रह गई और बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
शिकायत के अनुसार, देहरादून निवासी युवती का विवाह 27 नवंबर को दिल्ली निवासी युवक से गुरुद्वारे में हुआ था। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद एक क्लब में मेहमानों के लिए प्रतिभोज आयोजित किया गया था। इससे पहले दूल्हा-दुल्हन एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होने पहुंचे थे।
आरोप है कि यहां दूल्हे के भाई और भाभी ने दहेज में 20 लाख रुपये नहीं देने पर दुल्हन और उसके भाई को अपमानित किया। विदाई से पहले रकम का इंतजाम करने को कहा गया।शिकायतकर्ता के मुताबिक, शाम करीब आठ से साढ़े आठ बजे सभी लोग प्रतिभोज स्थल पहुंचे तो वहां भी दहेज की मांग को लेकर बातचीत हुई।
दूल्हे पक्ष के परिजनों और रिश्तेदारों ने दुल्हन के माता-पिता, भाई और मामा से तत्काल 20 लाख रुपये देने को कहा। रकम नहीं देने पर नवविवाहिता को दिल्ली नहीं ले जाने की बात कही गई।दुल्हन पक्ष ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने शादी तोड़ने की धमकी दी। इतना ही नहीं, बरातियों को भोजन करने से भी रोक दिया गया। शादी के प्रतिभोज के लिए तैयार भोजन भी बर्बाद हो गया।
शनिवार को महिला हेल्पलाइन में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। इस मामले में दूसरे पक्ष से बात की गई तो उनके रिश्तेदारों ने बताया कि नशे में कुछ गलतफहमी हुई। वधू पक्ष की ओर से कई मांगें रखी गईं थीं उनमें से कुछ पूरी की गईं और कुछ पर एकराय नहीं बन पाई। वह चाहतें हैं कि दुल्हन की विदाई हो और वह अपने घर आए। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि पहले शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे। उसके बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी