मसूरी में दूसरे अल्ट्रा मैराथन का आगाज, 1141 से अधिक धावकों ने दिखाया दमखम-Newsnetra
पहाड़ों की रानी मसूरी में रविवार सुबह दूसरे मसूरी अल्ट्रा मैराथन का उत्साह और उमंग के साथ आगाज हुआ। मैराथन का शुभारंभ अपर सचिव पर्यटन अभिनव शाह एवं नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने धावकों को झंडी दिखाकर किया। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों और उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे 1141 से अधिक धावकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर दौड़ के प्रति अपना जुनून और जज्बा दिखाया। सुबह से ही शहर में मैराथन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं के साथ ही विभिन्न आयु वर्ग के धावकों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

मैराथन में प्रतिभागियों के लिए पांच किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 21.1 किलोमीटर, 42.2 किलोमीटर और 50 किलोमीटर की पांच श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। धावकों ने अपनी क्षमता और तैयारी के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में हिस्सा लिया। पहाड़ों के खूबसूरत प्राकृतिक नजारों और चुनौतीपूर्ण रास्तों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों को रोमांच और साहस का अनूठा अनुभव दिया
अल्ट्रा मैराथन का शुभारंभ करते हुए अपर सचिव पर्यटन अभिनव शाह ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी आयोजकों ने बेहद सफल आयोजन किया था और इस वर्ष भी प्रतिभागियों का शानदार रिस्पांस मिला है। देश के विभिन्न राज्यों और उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से 1100 से अधिक प्रतिभागियों का मसूरी पहुंचना इस आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाता है







