हरिद्वार से लौट रहे दंपती के हाथ से ट्रेन में छूटा नवजात का शव, यात्रियों ने लगाए गंभीर आरोप-Newsnetra
देहरादून से सहारनपुर जा रही डीएलएस पैसेंजर ट्रेन से नवजात का शव नीचे गिर गया। एक दिन पहले ही अस्पताल में उसका जन्म हुआ था। दंपती ने बताया कि मेला अस्पताल में बच्चे की मौत हो गई थी। वह ट्रेन में शव को वापस लेकर आ रहे थे। झटका लगने पर वह नीचे गिर गया। इस बीच ट्रेन में सवार लोगों ने दंपती पर जानबूझकर बच्चे को फेंकने का भी आरोप लगाया।
दंपती लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले लक्सर अस्पताल में महिला ने नवजात को जन्म दिया था। सांस लेने में परेशानी होने पर नवजात को मेला अस्पताल हरिद्वार रेफर कर दिया गया था। वहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुबह उसकी मौत हो गई। दंपती देहरादून से सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में हरिद्वार से शव को लेकर लौट रहे थे
ट्रेन में मौजूद लोगों ने दंपती पर बच्चे को ट्रेन से फेंकने का आरोप लगाया
नवजात के पिता ट्रेन के दरवाजे के समीप बैठे थे। ट्रेन जब ऐथल और लक्सर रेलवे स्टेशन के मध्य पथरी पुल पर पहुंची तभी अचानक झटका लगने से ट्रेन का दरवाजा तेजी से आकर उन्हें लगा और उनके हाथ से शव छिटककर नीचे जा गिरा। इस बीच ट्रेन में मौजूद लोगों ने दंपती पर बच्चे को ट्रेन से फेंकने का आरोप लगाया





