बैरागीवाला हत्याकांड: पुलिस ने एक और आरोपी को दबोचा, अब तक पांच गिरफ्तार-Newsnetra
भाजपा नेता की हत्या के बाद सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव हुए बवाल मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
13 जून की शाम बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच खेत में पानी चलाने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि एक पक्ष के कई लोगों ने अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की। घटना में तीनों घायल हो गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई थी।
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं
पुलिस ने 14 जून को मामले में चार आरोपियों रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार किया था। वहीं, सोमवार को कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी इम्तियाज पुत्र शमसुद्दीन निवासी लखनवाला, सहसपुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों और घटना में शामिल लोगों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।





