चमोली के रतगांव में भालू का आतंक, महिला पर किया हमला; गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर-Newsnetra
चमोली। थराली तहसील के रतगांव में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। सोमवार दोपहर घर के बाहर आंगन में आई 55 वर्षीय शांति देवी पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीण प्रदीप फर्स्वाण के अनुसार, शांति देवी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान वह किसी काम से बाहर आंगन में आईं, तभी वहां मौजूद भालू ने उन पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने और पास में मौजूद दो कुत्तों के भौंकने पर भालू उन्हें छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को डंडी-कंडी के सहारे थराली अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कर्णप्रयाग स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया।
थराली अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आशीष नौटियाल ने बताया कि महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।





