बदरीनाथ चढ़ावा विवाद के बाद BKTC सख्त, 24 घंटे CCTV निगरानी और पारदर्शी गणना के निर्देश-Newsnetra
बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठाए हैं। समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधीनस्थ मंदिरों, गेस्ट हाउसों और विद्यालयों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बीकेटीसी ने जांच समिति को सौंपे वित्तीय अभिलेख
बदरी-केदार मंदिर समिति ने उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ के माध्यम से चढ़ावे से संबंधित सभी वित्तीय अभिलेख गढ़वाल मंडल आयुक्त को सौंप दिए हैं। अब आयुक्त के निर्देश के बाद ही मंदिर परिसर स्थित चढ़ावा गणना कक्ष के नवीनीकरण और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शासन की ओर से गठित तीन सदस्यीय जांच समिति ने 14 जुलाई को बदरीनाथ धाम पहुंचकर जांच शुरू की थी। समिति ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज का निरीक्षण करने के साथ ही वित्तीय अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की थी।
पुलिस जांच टीम ने वित्तीय डाटा का किया मिलान
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की चोरी की जांच कर रही पुलिस टीम ने सोमवार को मंदिर परिसर स्थित प्रोटोकॉल कार्यालय और मंदिर समिति के अन्य कार्यालयों में अभिलेखों का परीक्षण किया। इस दौरान कुबेर के खजाने में सुरक्षित सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य सामग्री का भी सत्यापन किया गया। टीम ने प्रतिदिन के वित्तीय डाटा का मिलान कर संबंधित दस्तावेजों की जांच आगे बढ़ाई। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले में जांच जारी है





