उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए सीएम धामी की 4 बड़ी घोषणाएं-Newsnetra
उत्तराखंड में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त वर्दीधारी कर्मियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने, शिक्षण संस्थानों में आपदा मित्र तैयार करने, आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा घोषित करने और राहत-बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत करने की घोषणा शामिल है।
कहा कि उत्तराखंड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। प्रदेश को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही प्रत्येक स्तर पर पूर्व तैयारियों को मजबूत करना जरूरी है। आपदा प्रबंधन से विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी जोड़ा जा रहा है, ताकि वे आपात परिस्थितियों में अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति सजग रह सकें।
उन्होंने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया सबसे महत्वपूर्ण होती है। आपदा की सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय होना चाहिए और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत एवं सहायता पहुंचनी चाहिए। पिछले दो-तीन वर्षों में प्रदेश ने कई आपदाओं का सामना किया है। इस दौरान शासन-प्रशासन के साथ केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य किए हैं।
सिलक्यारा अभियान ने पेश की समन्वय की मिसाल
सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ बचाव अभियान चलाया। प्रधानमंत्री लगातार अभियान की प्रगति की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों ने भी इसमें महत्वपूर्ण सहयोग दिया
आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक और जनभागीदारी पर जोर
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा बचाव अभियान केवल सफल रेस्क्यू ऑपरेशन ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता का भी उदाहरण था। विषम परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना, जिला स्तर से लेकर भारत सरकार तक बेहतर टीमवर्क और शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन अभियान की सफलता के प्रमुख आधार रहे







