दलित छात्र संवाद कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद, 17 जुलाई को राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान-Newsnetra


देहरादून, 14 जुलाई।
सेवला कलां स्थित अंबेडकर भवन में आज कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की ओर से दलित छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी श्री राजेंद्र पाल गौतम ने छात्रों से संवाद कर शिक्षा, सामाजिक न्याय, संविधान और युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद करमवीर बौद्ध, कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया तथा अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक नानक चंद भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्व प्रधान राव नसीम, डिंपल सिंह एवं अमन सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, रिहाना परवीन, दिनेश जी, अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, मोहन कला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।
अपने संबोधन में श्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “देश का भविष्य युवाओं और विद्यार्थियों के हाथों में है। जब छात्र अपने अधिकारों, संविधान और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक होकर आवाज़ उठाते हैं, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है। कांग्रेस पार्टी शिक्षा, समान अवसर और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। मैं सभी विद्यार्थियों से आग्रह करता हूँ कि 17 जुलाई को आयोजित होने वाले राहुल गांधी जी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपनी आवाज़ बुलंद करें और देश की शिक्षा व्यवस्था तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”
कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों से 17 जुलाई को आयोजित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर छात्र हितों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराने की अपील की।





