भारी वर्षा की संभावना के चलते देहरादून, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और नैनीताल में 12 अगस्त को सभी विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे-Newsnetra
देहरादून, 11 अगस्त।
मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जारी भारी वर्षा की संभावना के दृष्टिगत राज्य सरकार ने एहतियाती कदम उठाते हुए तीन जनपदों में अवकाश घोषित किया है। कल मंगलवार, 12 अगस्त को जनपद रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और नैनीताल में कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है, ताकि भारी वर्षा से उत्पन्न संभावित जोखिमों से बचाव हो सके। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें और आवश्यक कार्यों में भी सतर्कता बरतें।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है, जिससे भूस्खलन, सड़क अवरोध और जलभराव जैसी स्थितियां उत्पन्न होने की संभावना है। संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।





