परेड ग्राउंड से सचिवालय तक गूंजा कर्मचारियों का आंदोलन, 10-16-26 साल वाली एसीपी बहाली की मांग-Newsnetra
प्रदेशभर के कर्मचारी संगठनों ने एकजुट होकर भरी हुंकार, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन; 14 दिसंबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की चेतावनी
राज्य कर्मचारियों को पूर्व की भांति पूरे सेवाकाल में 10, 16 एवं 26 वर्ष की सेवा पर एसीपी (पदोन्नत वेतनमान) का लाभ दिए जाने की मांग को लेकर आज राजधानी देहरादून में कर्मचारियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। एसीपी बहाली संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर प्रदेशभर से पहुंचे कर्मचारियों ने परेड ग्राउंड से सचिवालय तक विशाल रैली निकालकर अपनी एकजुटता और शक्ति का प्रदर्शन किया। रैली में विभिन्न विभागों, कर्मचारी संगठनों एवं महासंघों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया
रैली के दौरान कर्मचारियों ने एसीपी की पुरानी व्यवस्था बहाल करने तथा 10, 16 एवं 26 वर्ष की सेवा पर पदोन्नत वेतनमान का लाभ दिए जाने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। कर्मचारियों का कहना था कि वर्तमान व्यवस्था के कारण प्रदेश के बड़ी संख्या में कार्मिकों को उनके सेवाकाल में मिलने वाले पदोन्नति संबंधी वित्तीय लाभ से वंचित होना पड़ रहा है। यह कर्मचारियों के साथ असमानता का विषय है।
उल्लेखनीय है कि एसीपी बहाली संयुक्त मोर्चा द्वारा इस मांग को लेकर पूर्व में भी शासन और सरकार के समक्ष कई बार मांग उठाई गई है। विभिन्न विभागों में गेट मीटिंग, जनजागरण अभियान तथा बैठकों के माध्यम से कर्मचारियों को एकजुट किया गया। इसके बावजूद सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आज प्रदेशव्यापी रैली का आयोजन किया गया।
रैली के उपरांत मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री के संयोजक श्री दलवीर सिंह दानू तथा देहरादून प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी श्री जितेंद्र कुमार पहुंचे। उन्होंने राज्य संयुक्त कर्मचारी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण पांडे एवं उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री आरसी शर्मा से एसीपी बहाली संयुक्त मोर्चा का ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने आश्वस्त किया कि ज्ञापन को अग्रिम कार्रवाई एवं विचारार्थ माननीय मुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से पूर्व की भांति 10, 16 एवं 26 वर्ष की सेवा पर एसीपी का लाभ दिए जाने, पदोन्नत वेतनमान की विसंगतियों को दूर करने तथा विभिन्न विभागों के कार्मिकों के साथ हो रहे असमान व्यवहार को समाप्त करने की मांग उठाई गई।
मोर्चे की ओर से स्पष्ट किया गया कि यदि 15 दिन की निर्धारित अवधि के भीतर मांगों के संबंध में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो 14 दिसंबर 2026 से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जैसा कठोर निर्णय लिया जा सकता है। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और सरकार की होगी।
रैली में इन प्रमुख पदाधिकारियों एवं कर्मचारी नेताओं ने किया प्रतिभाग
राज्य संयुक्त कर्मचारी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण पांडे, प्रदेश महामंत्री श्री शक्ति प्रसाद भट्ट, प्रदेश प्रवक्ता श्री हर्ष जोशी (प्रदेश अध्यक्ष, ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन उत्तराखंड), देहरादून जिलाध्यक्ष श्री रविंद्र चौहान, उपाध्यक्ष श्री सुरेश डबराल, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष श्री हर्षमोहन नेगी, सचिव श्री वर्धन अधिकारी, कुमाऊं मंडल सचिव श्री प्रदीप भट्ट, पिथौरागढ़ से श्री तपन गड़ाकोटी, चंपावत से श्री भगवान सिंह राणा, टिहरी से श्री संतोषी नेगी, रुद्रप्रयाग से श्री सतपाल सैनी, रुड़की से श्री अनुत चौहान, हरिद्वार से श्री अमरीश, देहरादून जिला सचिव श्री पिंकेश रावत, श्री शुभम आर्य (अधीनस्थ कृषि सेवा संघ), श्री सहदेव पुंडीर, श्रीमती रेखा भंडारी (बाल विकास एसोसिएशन), ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री योगेश भारती, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष श्री सुनील देवली, सहायक विकास अधिकारी पंचायत संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री पीएस चौहान, फार्मेसी एवं अधीनस्थ सेवा के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय चौहान, अधीनस्थ सांख्यिकी सेवा से श्री संदीप पांडे, कोषागार से श्री विक्रम जोशी, श्री विकास नेगी (उपाध्यक्ष), श्री संदीप नेगी, श्री भीमल कुशवाह एवं श्रीमती रश्मि कुकसाल सहित अनेक कर्मचारी नेताओं ने प्रतिभाग किया।
इसके अतिरिक्त उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री आरसी शर्मा, महासचिव श्री वीरेंद्र गुसाईं, लोक निर्माण विभाग संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्री छबीलदास, श्री मुकेश बहुगुणा, श्री अनिल पवार, श्री केपी सिंह, श्री संतोष शर्मा, श्री राजेंद्र सिंह रावत, श्री मुकेश रमोला, श्री दिवाकर धस्माना, श्री बीसी जोशी, श्री यशवंत सिंह रावत, श्री दीपक मटियालनी, श्री अरविंद सजवाण एवं श्री आशीष यादव सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
रैली में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की व्यापक भागीदारी ने एसीपी बहाली की मांग को लेकर प्रदेश के कर्मचारियों की एकजुटता को प्रदर्शित किया। अब सभी की निगाहें सरकार के अगले कदम और मुख्यमंत्री स्तर से होने वाले निर्णय पर टिकी हैं







