देहरादून में पुलिस और शातिर चोर के बीच मुठभेड़: डोईवाला-हर्रावाला में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला आरोपी घायल, फायरिंग के बाद गिरफ्तारी-Newsnetra
देहरादून में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह आरोपी डोईवाला-हर्रावाला क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं में शामिल था और काफी समय से पुलिस के रडार पर था।
घटना उस समय हुई जब पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध टैक्सी नंबर की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार में फरार होने लगा।
पुलिस ने पीछा कर गाड़ी को रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगा। भागते समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।





