मसूरी में भारी बारिश का कहर: कैंपटी रोड पर भरभराकर गिरा बहुमंजिला भवन, 5 लोगों ने भागकर बचाई जान-Newsnetra
पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बारिश के कारण जहां शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, वहीं शुक्रवार को कैंपटी रोड क्षेत्र में एक बहुमंजिला भवन अचानक धराशायी हो गया। भवन गिरने की जोरदार आवाज सुनकर अंदर रह रहे पांच लोग तत्काल बाहर भागे और बाल-बाल अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भवन गिरने से पहले अचानक तेज आवाज हुई, जिसके बाद घर में मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकल आए। देखते ही देखते बहुमंजिला भवन भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे में भवन के अंदर रखा पूरा सामान मलबे में दबकर तबाह हो गया। भवन में चार कमरे थे, जबकि छत पर रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था।
भवन के धराशायी होने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बहुमंजिला भवन को अचानक भरभराकर गिरते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।