धर्मावाला टोल प्लाजा पर दबंगई: टोल कटने पर भड़के कार सवार, कर्मी का सिर फोड़ा-Newsnetra
सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के धर्मावाला स्थित टोल प्लाजा पर रविवार देर रात फास्टैग से टोल कटने के बाद कार सवारों ने जमकर दबंगई दिखाई। आरोप है कि शराब के नशे में धुत अज्ञात आरोपियों ने टोल कर्मी के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित के सिर पर मशीन से कई वार किए गए, जिससे उसे टांके लगाने पड़े। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार आरोपी हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपियों की विकासनगर बाजार में दुकान है।

कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत के अनुसार, शाहपुर कल्याणपुर निवासी निशांत कुमार ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया वह धर्मावाला स्थित नव निर्मित नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया देर रात करीब 2:21 बजे हिमाचल प्रदेश नंबर की कार टोल प्लाजा पर पहुंची। ऑटोमेटिक फास्टैग रीडर से वाहन का टोल कटते ही कार में सवार लोग भड़क गए और टोल कर्मियों से अभद्रता करने लगे
कार सवारों ने गाली-गलौज करते हुए टोल लेन में ही वाहन खड़ा कर दिया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। विरोध करने पर दो अज्ञात पुरुष वाहन से उतर आए और उनके के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया उनमें से एक व्यक्ति ने टोल की पोर्टेबल फास्टैग मशीन उठाकर उनके के सिर पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद भी आरोपियों ने लात-घूंसों से हमला जारी रखा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने और वाहन से कुचलने की धमकी भी दी। साथ ही उनके साथ मौजूद एक युवती ने भी गाली-गलौज किया और धमकी दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर लगी यूएफडी और फास्टैग रीडर मशीन को नुकसान पहुंचाया। घायल को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल, विकासनगर ले जाया गया, जहां उसके सिर में टांके लगाए गए। पुलिस का कहना है कि टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।





