दोहरे हत्याकांड में जमानत रद्द होने के बाद फरार हिस्ट्रीशीटर सहारनपुर से गिरफ्तार-Newsnetra
दून पुलिस ने दबिश देकर शहबाज को दबोचा, अदालत के आदेश के बाद से चल रहा था फरार
देहरादून। फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में क्लेमेनटाउन थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2023 के दोहरे हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार होने के बाद जमानत पर बाहर आया और जमानत निरस्त होने के बावजूद फरार चल रहे थाना नागल के हिस्ट्रीशीटर शहबाज को पुलिस ने सहारनपुर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के संबंध में वादी मोहतसीम की तहरीर पर थाना क्लेमेनटाउन में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी शहबाज को गिरफ्तार किया गया था।
अप्रैल 2025 में नैनीताल हाईकोर्ट ने आरोपी को कुछ शर्तों के साथ जमानत पर रिहा किया था। पुलिस के मुताबिक, जमानत पर बाहर आने के बाद शहबाज ने सहारनपुर में रह रहे वादी और गवाहों को धमकी देने के साथ ही धोखाधड़ी से जमीन बेचने जैसे कथित अपराध किए। इन मामलों में थाना नागल, जनपद सहारनपुर में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। इसके बाद अपर जिला मजिस्ट्रेट, सहारनपुर के आदेश पर अगस्त 2025 में उसे छह माह के लिए जिला बदर भी किया गया था। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के मद्देनजर सुनवाई के दौरान नैनीताल हाईकोर्ट ने शहबाज की जमानत निरस्त कर उसे संबंधित न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के आदेश दिए थे। पुलिस के अनुसार, इसके बावजूद आरोपी न्यायालय के आदेश की अवहेलना करते हुए लगातार फरार चल रहा था। क्लेमेनटाउन थाना पुलिस की टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाते हुए लगातार सुरागरसी-पतारसी की। इसी दौरान मुखबिर से शहबाज के सहारनपुर में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सहारनपुर पहुंचकर दबिश दी और 23 अगस्त 2026 को शहबाज पुत्र शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान
नाम: शहबाज पुत्र शहजाद
उम्र 27 वर्ष पता चहलौली, थाना नागल, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई #murder #DoonPolice #DehradunPolice #dehradun #dehraduncity #newsfeed #newstoday #dehradundining





