उत्तरकाशी के पंवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 30 से अधिक परिवारों के प्रभावित होने की आशंका-Newsnetra
उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले के पंवाणी गांव में मंगलवार को भीषण आग लग गयी जिसकी चपेट में लकड़ी से बने कई मकान आ गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रारंभिक जानकारी में जिले के विकासखंड मोरी में हुए इस अग्निकांड में करीब 30 परिवारों के प्रभावित होने की आशंका है।
अधिकारियों के अनुसार इस घटना के दौरान गांव में पांच से सात रसोई गैस सिलिंडरों के फटने की भी सूचना है, जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया
अधिकारियों ने बताया कि दुर्गम भौगोलिक क्षेत्र होने के कारण आग पर काबू पाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, पंवाणी गांव, मोरी तहसील से 55—60 किलोमीटर की दूरी पर है और सड़क से लगभग 300—400 मीटर दूर है । केंद्र ने बताया कि अग्निकांड की सूचना करीब पौने पांच बजे मिली ।
स्थानीय विधायक दुर्गेश लाल ने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए बताया कि उन्होंने तत्काल जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी जिसके बाद प्रशासन की ओर से अग्निशमन विभाग समेत राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।
विधायक ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से बचाव कार्य में तेजी लाने की अपेक्षा जताई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंवाणी गांव के भीषण अग्निकांड पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है और राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की जानकारी लेते हुए राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग के दलों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा प्रभावितों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, अस्थायी आवास, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक राहत सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है। उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का शीघ्र आकलन कर नियमानुसार मुआवजा एवं राहत राशि उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।







