वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आए मोहम्मद दीपक की बढ़ीं मुश्किलें, जिम कारोबार पर पड़ा बड़ा असर-Newsnetra
कोटद्वार के मोहम्मद दीपक, जो ‘बाबा’ दुकान विवाद के बाद चर्चा में आए थे, आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उनके जिम ‘हल्क’ के सदस्य 200 से घटकर 50 रह गए हैं।
इस वर्ष 26 जनवरी को कपड़े की दुकान का नाम बाबा रखे जाने को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चाओं में आये कोटद्वार के दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक के समक्ष आर्थिकी का संकट गहरा गया है।
हालात यह हैं कि दीपक के समक्ष अपने जिम हल्क का किराया देना भी भारी पड़ रहा है। कभी उनके जिम में 200 सदस्य थे, अब मात्र 50 लोग ही रह गए हैं। पांच माह से मोहम्मद दीपक ने जिम का किराया नहीं दिया है।
क्या था पूरा मामला
बताते चलें कि उत्तराखंड के पौड़ी जनपद के कोटद्वार में कपड़ों की दुकान का नाम ‘बाबा’ रखे जाने को लेकर इस वर्ष 26 जनवरी को विवाद हो गया था। हिंदू संगठन से जुड़े कुछ युवा ‘बाबा’ नाम से दुकान चलाए जाने का विरोध कर रहे थे। इसी विवाद में दीपक कुमार दुकानदार के पक्ष में आ गए
राहुल गांधी ने की थी मुलाकात
झगड़े में उनका नाम पूछा तो उन्होंने खुद का नाम मोहम्मद दीपक बताया। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ और मामले में राजनीति शुरू हो गई।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी दीपक से मुलाकात की और उन्हें नफरत के माहौल में इंसानियत की दुकान का प्रतीक बताया। भीम आर्मी के संस्थापक सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी दीपक को मदद का आश्वासन दिया।
पहले थे जिम में 200 सदस्य
इधर, इस घटना के बाद से दीपक की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। बकौल दीपक 26 जनवरी की घटना से पहले उनके जिम में 200 सदस्य थे। लेकिन, इस घटना के बाद सदस्य घट कर मात्र 15 रह गई।
5 माह से नहीं दिया किराया
बताया कि वर्तमान में करीब 50 सदस्य हैं। लेकिन, उनके लिए जिम का किराया निकालना भारी पड़ रहा है। बताया कि उनके जिम का मासिक किराया 40 हजार रुपये प्रतिमाह है। आर्थिकी ठीक न होने के कारण वह पांच माह से जिम का किराया नहीं दे पाए हैं





