प्रमुख दालों में बीते दो माह से तेजी का दौर जारी है। अरहर दाल के दाम थोक बाजार में इस दरम्यान 10 से 15 रुपये तक बढ़ चुके हैं। इसके अलावा काला चना, काबुली चना, राजमा, उड़द में भी तेजी आई है। हालांकि, सरकार के आंकड़ों में इस साल देश में दलहन फसलों का रकबा, उत्पादन और यहां तक की पैदावार भी अच्छी हुई है। बावजूद इसके दालों में आई इस तेजी से कारोबारी भी हैरान हैं। बताया जा रहा है कि कारोबारियों को स्टॉकिस्ट से ही दालें ऊंचे दामों पर मिल रही हैं।
दरअसल, उत्तराखंड में पहाड़ी क्षेत्रों में राजमा की अच्छा खासा उत्पादन होता है। जबकि, प्रमुख दाल अरहर, मूंग, चना आदि की खेती कम होती है। ऐसे में स्थानीय बाजार बाहर से आने वाली दालों पर ही निर्भर रहता है। बीते दो महीनों से प्रमुख दालों के दामों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दाल कारोबारी आशीष गोयल ने बताया कि अरहर दाल करीब दो महीने पहले थोक बाजार में 115-130 रुपये प्रति किलोग्राम (11500 से 13000 प्रति क्विंटल) के बीच बने हुए थे। वर्तमान में ये दाम 130 से 140 रुपये पहुंच गए हैं। यह बढ़ोतरी एकाएक नहीं बल्कि प्रतिदिन या प्रति सप्ताह के हिसाब से दर्ज की गई है।
काला चना भी इस दरम्यान 10 रुपये प्रति किलोग्राम तक चढ़ गया है। वर्तमान में थोक भाव 85 से 95 रुपये प्रतिकिलोग्राम पर हैं। जबकि, दो माह पहले ये दाम 75 से 85 रुपये प्रतिकिलोग्राम तक थे। काबुली चने में ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। पतला चना 80 रुपये से 100 रुपये पहुंच गया है। जबकि, मोटा काबुली चना इसी अनुपात में 100 रुपये प्रतिकिलोग्राम से 120 रुपये प्रतिकिलोग्राम तक बिक रहा है। हालांकि, सरकार भी इस बात से चिंतित है कि बेहतर उत्पादन के बाद भी दाम क्यों बढ़े हुए हैं। ऐसे में खबरें यह भी हैं कि सरकार के स्तर से स्टॉक करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है
देसी राजमा का इंतजार, विदेशी के बढ़े दाम
देश में राजमा उत्तराखंड समेत कई राज्यों में पैदा किया जाता है। हालांकि, बड़ी सप्लाई ब्राजील और चीन से होती है। वर्तमान में विदेशी राजमा के दाम चढ़े हुए हैं। दो माह पहले लाल राजमा 95 से 105 रुपये प्रतिकिलोग्राम तक बिक रहा था। जबकि, अब इसके दाम 115 से 120 रुपये तक पहुंच गए हैं। इसी तरह सफेद राजमा में भी 25 रुपये तक की तेजी आई है। पहले 130 से 135 के बीच बिक रहा यह राजमा 155 से 160 रुपये तक बोला जा रहा है। कारोबारी आशीष गोयल ने बताया कि देसी राजमा की फसल आने वाली है। सप्लाई शुरू होते ही इसके दाम भी नीचे आ जाएंगे।
सर्दियों में बढ़ी गहत की मांग तो दाम भी चढ़े
राज्य में स्थानीय दाल गहत की खपत सर्दियों में बढ़ जाती है। ऐसे में इसके दाम भी चढ़ने लगे हैं। हालांकि, गुणवत्ता के हिसाब से इस दाल के दामों में काफी अंतर रहता है। थोक बाजारों में 100 रुपये से लेकर 250 रुपये तक इस दाल की कीमतें चल रही हैं। जबकि, प्रदेश के ही कुछ हिस्सों हल्द्वानी और पिथौरागढ़ में इसके दाम 155 रुपये से 190 रुपये तक बने हुए हैं। हालांकि, कुछ ब्रांड के स्टोर पर गहत के दाम 350 रुपये तक पहुंचे हुए हैं।