सिमली महिला अस्पताल बनेगा मेडिकल कॉलेज! मुख्यमंत्री धामी ने गौचर मेले में की बड़ी घोषणा, केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव-Newsnetra
सिमली महिला अस्पताल को मेडीकल कालेज बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा। साथ ही सिमली अस्पताल वाले मामले में जल्द समिति गठित की जाएगी। यह घोषणाएं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 74वें राजकीय ओद्योगिक सांस्कृतिक एवं विकास मेले के उद्घाटन अवसर पर की। सीएम धामी ने कहा कि यह मेला पीएम नरेंद्र मोदी के वोकल फॉल लोकल की थीम को धरातल पर उतारता है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर देने का प्रयास कर रही है। कृषि, बागवानी, पशुपालन और पर्यटन जैसी गतिविधियों से उनकी आय बढ़ाने पर जोर है। चमोली के ऊनी हस्तशिल्प और अन्य उत्पादों को देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की शुरुआत की गई है।
इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से चमोली जनपद का सर्वांगीण विकास होगा। इससे पूर्व सीएम ने दीप प्रज्ववलन कर मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के विविध रंग बिखेरे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को गौचर मेले का शुभंकर भेंट किया। वहीं गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं एवं पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया






