देहरादून में भाजपा पार्षद के घर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर लूट, घरेलू सहायक साथियों संग फरार-Newsnetra
राजधानी देहरादून में भाजपा पार्षद के घर घरेलू सहायक द्वारा कथित तौर पर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सदस्यों को बेहोश करने और घर से सोने के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि नौकर ने लूटपाट के लिए अपने चार दोस्तों को भी बुलाया था। घटना को अंजाम देने के बाद सभी घर से निकलते हुए सीसीटीवी में भी कैद हुए
मामला बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास का है। पुलिस के मुताबिक भाजपा पार्षद अमिता सिंह के परिवार ने करीब 20 दिन पहले दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए बुलाया था। आरोप है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने परिवार के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोशी की हालत में पहुंच गए। इसी दौरान आरोपित घर में रखे सोने के आभूषण लेकर कथित तौर पर अपने साथियों के साथ फरार हो गया। परिवार के सदस्यों को होश आने के बाद घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
पार्षद की हालत गंभीर
घटना के बाद भाजपा पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम सिंह की स्थिति ठीक बताई गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस घरेलू सहायक की पहचान, उसके मोबाइल संपर्कों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है।
पहले भरोसा जीता, फिर वारदात का आरोप
करीब 20 दिन पहले ही घर में काम पर रखे गए घरेलू सहायक पर परिवार को नशीला पदार्थ खिलाने और आभूषण लेकर फरार होने का आरोप है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वारदात पहले से सुनियोजित थी या फिर मौके का फायदा उठाकर इसे अंजाम दिया गया।








