उत्तराखंड की शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत: पति और ननद गिरफ्तार, दहेज प्रताड़ना के आरोपों की जांच तेज-Newsnetra
उत्तराखंड में चर्चित शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई की है। दहेज मृत्यु के आरोप में नामजद उनके पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को देहरादून के हर्रावाला स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया।
गौरतलब है कि 29 जुलाई को टिहरी जिले के एक सरकारी विद्यालय में कार्यरत एलटी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद उनकी मां सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
शिकायत में यह भी कहा गया कि सृष्टि को अक्सर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। परिवार के सदस्य उसे अपशकुनी और मनहूस जैसे शब्द कहकर अपमानित करते थे तथा घर में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था। इस बीच सृष्टि का मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया।
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत दहेज मृत्यु का मामला दर्ज किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी और एक विशेष जांच टीम गठित की गई।
पुलिस ने परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए तथा उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया। शुरुआती जांच में मिले तथ्यों के आधार पर 1 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें चिकित्सीय परीक्षण के लिए डोईवाला अस्पताल ले जाया गया।
CM धामी ने दिए जांच के आदेश
उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही इस पूरे मामले की सीबी-सीआईडी जांच के निर्देश दे चुके हैं। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।





