अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: पुराने मकान की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत-Newsnetra
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के धारकीतुणी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पुराने मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को मलबे से बाहर निकाला।

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष (DCR) अल्मोड़ा से 1 सितंबर 2026 को सुबह 11:36 बजे SDRF को सूचना मिली कि धारकीतुणी के पास एक पुराने मकान की दीवार गिर गई है और उसके मलबे में दो व्यक्ति दबे हुए हैं। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सरियापानी से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर SDRF जवानों ने मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों व्यक्तियों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। रेस्क्यू टीम ने दोनों शवों को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों मृतक नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस उनकी पहचान की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही हादसे के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुराने मकान की दीवार अचानक गिरने से हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान और पुलिस जांच के बाद घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।





