21 वर्षीय अग्निवीर रोहित सिंह का असमय निधन, सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार-Newsnetra
टिहरी जनपद के भिलंगना ब्लॉक अंतर्गत मेंडू सिंदवालगांव निवासी अग्निवीर जवान रोहित सिंह (21) पुत्र सुरेन्द्र सिंह का जम्मू में निधन हो गया। जवान की असमय मृत्यु की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम प्रधान कुंवर सिंह ने बताया कि जवान रोहित सिंह का पार्थिव शरीर घनसाली पहुंचा है। देर शाम तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। शुक्रवार सुबह पैतृक घाट पर पूरे सैन्य सम्मान और गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है
रोहित सिंह अपने परिवार के बड़े बेटे थे। उनके पिता सुरेन्द्र सिंह रोजगार के सिलसिले में दुबई में रहते हैं और बेटे के निधन की सूचना मिलने के बाद घर के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार में रोहित के अलावा उनका छोटा भाई मोहित है, जो वर्तमान में कक्षा नौवीं का छात्र है।
जवान के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में उनकी मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। रोहित सिंह के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है और लोग युवा अग्निवीर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।





