पैठाणी में बनेगा उत्तराखंड का बड़ा व्यावसायिक शिक्षा केंद्र, अगले सत्र से शुरू होंगे B.Tech, B.Ed, MBA और MCA: डॉ. धन सिंह रावत-Newsnetra
पैठाणी(पौड़ी)/देहरादून
राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी को व्यावसायिक शिक्षा का केन्द्र बनाया जायेगा। इसके लिये महाविद्यालय में चरणबद्ध तरीके से आधुनिक एवं उद्योगों की आवश्यकता आधारित रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किये जायेंगे, ताकि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिल सके

यह बात प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में कही। बतौर मुख्य अतिथि डाॅ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराने की मंशा से पैठणी में राज्य का पहला व्यावसायिक महाविद्यालय खोला। इस महाविद्यालय को सरकार व्यावसायिक शिक्षा का बड़ा केन्द्र बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां उद्योगों एवं बाजार की मांग के अनुरूप नए पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे और प्रदेश के विकास में सहभागी होंगे। उन्होंने कहा कि अगले शैक्षिक सत्र से महाविद्यालय में बीटेक, बीएड, एमबीए एवं एमसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रारम्भ किये जायेंगे, इसके लिये विभगागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं। डाॅ. रावत ने कहा कि व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। महाविद्यालय में विभिन्न प्रयोगशालाओं के साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए अत्याधुनिक छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, इसके अलावा आधुनिक ऑडिटोरियम एवं प्राचार्य आवास का निर्माण भी पूरा हो चुका है। उन्होंने छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिये महाविद्यालय में विभिन्न वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने, काॅलेज परिसर में ओपन जिम एवं प्रतीक्षालय का निर्माण करने की बात कही।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर डॉ. रावत ने महाविद्यालय परिसर में निर्मित “शौर्य दीवार” का अनावरण तथा पेयजल टंकी का लोकार्पण किया। उन्होंने महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘बनास’ एवं रसायन विज्ञान पुस्तक का विमोचन भी किया। साथ ही मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सबका मनमोहा।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डाॅ. ए.एस उनियाल, प्राचार्य राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय डाॅ. विजय अग्रवाल, यूसीएफ के अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, भाजपा नेता राजेन्द्र टम्टा, जिला पंचायत सदस्य डाॅ. शिवचरण नौडियाल सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





