उत्तराखंड निकाय चुनाव में क्यों नहीं वोट डाल पाए पूर्व मुख्यमंत्री ? -Newsnetra
उत्तराखंड निकाय चुनाव में छह पूर्व मुख्यमंत्री मतदान नहीं कर पाए, जानिए क्या रही वजह
उत्तराखंड निकाय चुनाव में छह पूर्व मुख्यमंत्री मतदान नहीं कर पाए। सिर्फ एक पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत ही निकाय चुनाव के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। निकाय चुनाव के मतदान के दिन गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत का मतदाता सूची से जुड़ा मामला सुर्खियों में रहा। सोशल मीडिया में भी यह चर्चाओं का विषय रहा। जब तक मतदाता सूची में उनके नाम की पुष्टि हो पाई, तब तक मतदान अवधि बीत चुकी थी। इससे वे वोट से वंचित हो गए।
लेकिन ऐसा नहीं कि हरीश वोट न देने वाले अकेले पूर्व मुख्यमंत्री हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भी इस लिस्ट में शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का पिथौरागढ़ में वोट है, पर मतदाता सूची में गलत नाम होने की वजह से मतदान नहीं कर पाए। पूर्व सीएम मेजर जनरल (रिटायर) बीसी खंडूड़ी अस्वस्थ हैं और दून के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार में व्यस्त हैं। पूर्व सीएम विजय बहुगुणा अस्वस्थ हैं और दिल्ली में हैं। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत ने डिफेंस कॉलोनी बूथ में मतदान किया।

