दलेर मेहंदी से सुबोध उनियाल ने मांगी माफी, मुख्यमंत्री धामी ने मीका-दलेर को दिया उत्तराखंड आने का न्योता!-Newsnetra
देहरादून। टिहरी जिले के सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत कर माफी मांगी है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और उनके भाई गायक मीका सिंह को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया है

कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल के हस्तक्षेप के बाद विवाद शुरू हुआ था। मंत्री ने गायक की प्रस्तुति पर सवाल उठाते हुए उन पर नशे की हालत में कार्यक्रम करने और लिप-सिंक करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद मामला चर्चा में आ गया। दलेर मेहंदी के समर्थन में उनके भाई मीका सिंह ने भी सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी थी।
फोन पर बातचीत से निकला समाधान
मीका सिंह की टीम के अनुसार, सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत कर माफी मांगी।
टीम ने इस पहल का स्वागत करते हुए कलाकारों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखने की जरूरत बताई। साथ ही, विवाद को आगे नहीं बढ़ाने के संकेत दिए।
सीएम धामी ने दोनों भाइयों को किया आमंत्रित
मीका सिंह के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों भाइयों से बातचीत कर उन्हें उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया। मीका सिंह ने मुख्यमंत्री की पहल और बातचीत के तरीके की सराहना की। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में दोनों भाई उत्तराखंड में कार्यक्रम कर सकते हैं।
कुंजापुरी मेले में शुरू हुआ यह विवाद अब बातचीत और माफी के बाद समाप्त होता दिखाई दे रहा है। इस घटनाक्रम के बाद कलाकारों के सम्मान, सार्वजनिक मंचों पर संवाद और आयोजनों के दौरान समन्वय को लेकर चर्चा तेज हो गई है







