बदरीनाथ में अलकनंदा नदी में बहा अग्निवीर, ITBP जवानों ने CPR देकर बचाई जान-Newsnetra
बदरीनाथ के माणा क्षेत्र में सोमवार को अलकनंदा नदी के तेज बहाव में बहे भारतीय सेना के अग्निवीर को आईटीबीपी के जवानों ने अदम्य साहस और तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। नदी से बाहर निकालने के बाद जवानों ने तत्काल सीपीआर देकर उसकी सांसें बहाल कीं।

आईटीबीपी के डिप्टी कमांडर शिव प्रसाद सती ने बताया कि सूचना मिलते ही सामरिक मुख्यालय माणा के कमान अधिकारी डॉ. गौरव सिंह राहतकर्मियों और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद घायल जवान को पीएचसी बदरीनाथ ले जाया गया, लेकिन दोपहर दो बजे तक उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद सेना के अधिकारियों से संपर्क कर उसे एंबुलेंस से सैन्य हेलीपैड पहुंचाया गया। जहां से दोपहर करीब 3:30 बजे सेना के हेलिकॉप्टर से अग्निवीर ललित कुमार को जोशीमठ स्थित सेना के फील्ड अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया। फिलहाल जवान का उपचार जारी है। आईटीबीपी के जवानों की त्वरित कार्रवाई और साहस से अग्निवीर को समय रहते जीवनरक्षक सहायता मिल सकी।







