मसूरी में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत का भव्य स्वागत, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया अभिनंदन-Newsnetra
मसूरी, 31 मई। मसूरी स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) अकादमी में आयोजित दीक्षांत समारोह एवं पासिंग आउट परेड कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत का उत्तराखंड आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उन्हें पौधा एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा देवभूमि उत्तराखंड की परंपरा के अनुरूप उनका स्वागत किया।
आईटीबीपी अकादमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान नवप्रशिक्षित अधिकारियों और जवानों ने अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने इस अवसर पर आईटीबीपी के राष्ट्र सुरक्षा में योगदान की सराहना करते हुए प्रशिक्षु अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा में आईटीबीपी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा ऐसे दीक्षांत समारोह युवा अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करते हैं।





