मेलाघाट रोड पर पैदल निकले मुख्यमंत्री धामी, मिलन डेयरी में पी चाय; बोले- ‘लोकल फॉर वोकल’ आत्मनिर्भरता का स्तंभ-Newsnetra
उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को बढ़ावा देने के लिए मेलाघाट रोड पर पैदल भ्रमण किया। इस दौरान वह मिलन डेयरी पहुंचे और चाय के साथ फैन (बेकरी उत्पाद) का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और छोटे-मझोले व्यवसायियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
चाय की चुस्कियों के बीच मुख्यमंत्री ने मेलाघाट मार्ग के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत की और स्थानीय व्यापार से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और छोटे व्यवसायियों को बढ़ावा देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि राज्य और देश की आत्मनिर्भरता का प्रमुख स्तंभ है। जब लोग स्थानीय दुकानों और उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तभी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसरों के लिए प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने स्थानीय उत्पादों के इस्तेमाल और स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहित करने का आह्वान करते हुए कहा कि छोटे व्यवसायियों को मजबूत करना सीधे तौर पर स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मजबूती देने जैसा है।





