ऋषिकेश को-ऑपरेटिव बैंक में 12.31 लाख के गबन का आरोप, दैनिक जमा अभिकर्ता गिरफ्तार-Newsnetra
ऋषिकेश। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की ऋषिकेश शाखा में खाताधारकों से जमा कराने के लिए ली गई रकम में कथित गबन के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर कुल 12 लाख 31 हजार 458 रुपये का गबन करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 24 मई 2026 को उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के सचिव/महाप्रबंधक एसएस राणा ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करने वाले दीपक बढ़ई ने विभिन्न तिथियों में खाताधारकों से बैंक में जमा करने के लिए रकम प्राप्त की, लेकिन उक्त धनराशि बैंक में जमा नहीं की।
तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 212/2026, धारा 316(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी और साक्ष्य संकलन के निर्देश दिए।
पुलिस ने जांच के दौरान आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी दीपक बढ़ई (29) को 9 सितंबर 2026 को उदय बाग, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी: दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, देहरादून।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनेश कुमार, कांस्टेबल अभिषेक और कांस्टेबल तेज सिंह शामिल रहे।








