मसूरी में दून पुलिस की मिसाल: दिल्ली पर्यटक का खोया पर्स मिनटों में ढूंढकर लौटाया-Newsnetra
मसूरी (देहरादून):
पर्यटक सीजन के दौरान दून पुलिस जहां एक ओर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए है, वहीं दूसरी ओर मानवता का उदाहरण भी पेश कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली मसूरी पुलिस ने दिल्ली से घूमने आए एक पर्यटक का खोया हुआ पर्स अल्प समय में ढूंढकर उसे सुरक्षित वापस सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी गौरव कुमार अपने परिवार के साथ मसूरी भ्रमण पर आए थे। झड़ीपानी क्षेत्र में उनका पर्स कहीं खो गया, जिसकी सूचना उन्होंने चौकी बार्लोगंज पुलिस को दी। पर्स में नगदी के साथ-साथ जरूरी पहचान पत्र भी मौजूद थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में तलाश शुरू की और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस की सक्रियता के चलते कुछ ही समय में पर्स बरामद कर लिया गया। पर्स में ₹6900 नगद तथा दो आधार कार्ड सुरक्षित पाए गए, जिन्हें जांच के बाद पर्यटक को सुपुर्द कर दिया गया।
अपना खोया सामान सुरक्षित वापस पाकर पर्यटक ने उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशानुसार, चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।





