फतेहपुर सीकरी विधानसभा को बड़ी सौगात: 30 करोड़ की लागत से बनेगा इंटर कॉलेज, 5 करोड़ से बनेगा स्टेडियम-Newsnetra


फतेहपुर सीकरी (आगरा)। फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट योजना के अंतर्गत क्षेत्र में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से नर्सरी से इंटरमीडिएट तक का अत्याधुनिक विद्यालय तथा 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।
इस परियोजना के लिए विकासखंड अकोला के अंतर्गत नगला सिकरवार में भूमि चिन्हित की गई है। विधायक चौधरी बाबूलाल ने बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।
प्रस्तावित विद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्मार्ट कक्षाएं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेल मैदान सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
स्थानीय लोगों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए इसे फतेहपुर सीकरी के शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका कहना है कि इंटर कॉलेज और स्टेडियम के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ खेल सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक चौधरी बाबूलाल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शिक्षा और खेल सुविधाओं का विस्तार करना है, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।





