चमोली में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को भूधंसाव प्रभावित बहुगुणानगर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से वार्ता कर जल्द विस्थापन और मुआवजे का सकारात्मक आश्वासन दिया। इस दौरान 35 से अधिक प्रभावितों ने विस्थापन के लिए अपनी सहमति व्यक्त की।
तहसील सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने प्रभावितों को उनके भवनों के मूल्यांकन के आधार पर प्रस्तावित मुआवजा राशि की जानकारी दी। उन्होंने स्वैच्छिक रूप से भूमि छोड़ने के संबंध में उनकी सहमति प्राप्त की
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल को निर्देश दिए कि विस्थापन से संबंधित सभी बिंदुओं की पूर्ण आख्या बुधवार तक तैयार कर प्रस्तुत की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने बहुगुणानगर में मंडी परिसर में चल रहे सिंचाई विभाग के ट्रीटमेंट कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कार्य की प्रगति और गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। इस दौरान जनप्रतिनिधि एवं आपदा प्रभावित मौजूद थे




