वरिष्ठ पत्रकार विक्रम श्रीवास्तव का दैनिक भास्कर से इस्तीफा, सोशल मीडिया पर साझा की भावुक पोस्ट-Newsnetra
देहरादून | 25 जुलाई 2026
उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकार विक्रम श्रीवास्तव ने दैनिक भास्कर (देहरादून/उत्तराखंड) के ब्यूरो चीफ पद से इस्तीफा दे दिया है। लंबे समय से दैनिक भास्कर समूह से जुड़े रहे विक्रम श्रीवास्तव ने अपने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के माध्यम से साझा की।
उन्होंने बताया कि संपादक गिरीश तिवारी के जाने के बाद उनके लिए संस्थान में काम करना उनके नैतिक सिद्धांतों और अंतरात्मा के विरुद्ध हो गया था। उनका आरोप है कि उनकी सच्ची खबरें और जनता से जुड़े सवाल लगातार दबाए जाते रहे, जिसके कारण उन्होंने पहले “अंतिम दूत” नाम से एक नए मंच की शुरुआत की थी।
विक्रम श्रीवास्तव ने लिखा कि अब परिस्थितियाँ फिर ऐसी बन गईं कि उन्हें दैनिक भास्कर से इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और आगे भी नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि अब “अंतिम दूत” को अपनी पूरी शक्ति, समर्पण और स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ाएंगे तथा बिना किसी दबाव या समझौते के सत्य, न्याय और समाज सेवा के लिए काम करेंगे।
अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने दैनिक भास्कर परिवार, सहयोगियों, गुरुजनों और पाठकों का आभार व्यक्त करते हुए सभी के प्रति शुभकामनाएँ दीं।





