हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: बस की चपेट में आने से एयरफोर्स जवान की मौत, साथी गंभीर घायल-Newsnetra
हरिद्वार: कनखल कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर बस का इंतजार कर रहे दो लोगों को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में भारतीय वायुसेना के एक जवान की मौत हो गई, जबकि उनका साथी अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, योगेश जादौन निवासी जेवर, गौतमबुद्धनगर (उत्तर प्रदेश) अपने साथी अमित के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। दोनों देर रात हाईवे पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने योगेश जादौन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमित की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक योगेश जादौन भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे और ग्वालियर में तैनात थे। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और बस चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।







