उत्तराखंड कैबिनेट के 15 बड़े फैसलों पर मुहर, सामान्य वर्ग को भी गोपालन योजना का लाभ-Newsnetra
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में हुई उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में जनहित और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े 15 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में स्वास्थ्य, कार्मिक, कौशल विकास, परिवहन, श्रम, सहकारिता और औद्योगिक विकास समेत कई क्षेत्रों से जुड़े अहम फैसले लिए गए।
कैबिनेट का सबसे प्रमुख फैसला गो पालन योजना को लेकर रहा। अब सामान्य वर्ग के लोग भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। योजना के तहत गाय और भैंस की खरीद पर पात्र लाभार्थियों को सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा कैबिनेट ने उत्तराखंड मजदूरी संहिता नियमावली को भी मंजूरी दी। इसके तहत समान कार्य के लिए समान वेतन, प्रत्येक माह की 7 तारीख तक मजदूरी भुगतान और श्रमिकों के हितों के संरक्षण से जुड़े प्रावधान लागू किए जाएंगे।
बैठक में हाईकोर्ट के लिए गौलापार में 30 हेक्टेयर भूमि, राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के लिए 122 नए पद, जीएसटी संशोधन अध्यादेश और जल जीवन मिशन की नई व्यवस्था को भी मंजूरी दी गई।
वहीं, गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक विस्तार को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के साथ समझौते सहित कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी कैबिनेट ने अपनी स्वीकृति प्रदान की।
कैबिनेट में लिए गए इन फैसलों की जानकारी अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान दी।





