उत्तराखंड के राज्य कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिलेगा बोनस! 63% DA और वाहन भत्ते पर भी जल्द फैसला-Newsnetra
देहरादून। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण पांडेय ने आज मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु से मुलाकात कर प्रदेश के राज्य कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता (DA) तथा दीपावली से पूर्व तदर्थ बोनस दिए जाने के संबंध में वार्ता की
मुलाकात के दौरान अरुण पांडेय ने अवगत कराया कि भारत सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की दर में वृद्धि करते हुए 1 जुलाई 2026 से इसे 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में उत्तराखंड के राज्य कर्मचारियों को भी 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता अनुमन्य किए जाने की मांग रखी गई। साथ ही गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य कर्मचारियों को दीपावली से पूर्व तदर्थ बोनस दिए जाने का अनुरोध किया गया।
इस पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु ने आश्वस्त किया कि तदर्थ बोनस का शासनादेश एक-दो दिन के भीतर जारी कर दिया जाएगा। वहीं 63 प्रतिशत महंगाई भत्ते से संबंधित पत्रावली भी शीघ्र प्रस्तुत कराने के लिए वित्त विभाग को निर्देशित किया गया है
इसके उपरांत प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडेय ने वित्त सचिव श्री दिलीप जावलकर से भी मुलाकात की। इस दौरान राज्य कर्मचारियों के लंबित वाहन भत्ते की पत्रावली के संबंध में चर्चा की गई। वित्त सचिव ने आश्वस्त किया कि वाहन भत्ते से संबंधित फाइल पर भी जल्द कार्रवाई करते हुए उसे क्लियर किया जाएगा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने शासन स्तर पर हुई इन वार्ताओं को कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि दीपावली से पूर्व बोनस का शासनादेश जारी होने के साथ ही महंगाई भत्ते एवं वाहन भत्ते के प्रकरणों पर भी शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।







