उत्तराखंड को मिलेगी बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, गंगोत्री ऑल वेदर रोड के 86 KM काम को 2027-28 में मंजूरी का लक्ष्य-Newsnetra
उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने कई अहम परियोजनाओं की प्रगति और मंजूरी की समयसीमा बताई है। उत्तरकाशी से गंगोत्री तक प्रस्तावित ऑल वेदर रोड के लिए 100 किलोमीटर के हिस्से में से 14 किलोमीटर के कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है। जबकि शेष 86 किलोमीटर के कार्यों को वर्ष 2027-28 में स्वीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर यह जानकारी दी है।
गडकरी ने पत्र में बताया कि उत्तरकाशी से गंगोत्री के बीच ऑल वेदर रोड परियोजना को लेकर चरणबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ाया जा रहा है। अभी 14 किलोमीटर के कार्यों को मंजूरी मिली है। शेष हिस्से के लिए भी 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य तय किया गया है। इस परियोजना के पूरा होने से गंगोत्री धाम तक सालभर सड़क संपर्क बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। खासकर चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सकेगा।
टनकपुर-जौलजीबी सड़क का चौड़ीकरण पूरा
केंद्रीय मंत्री ने टनकपुर से जौलजीबी तक सड़क चौड़ीकरण की प्रगति की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर 183 किलोमीटर सड़क को दो लेन में चौड़ा करने का काम पूरा हो चुका है। इससे सीमांत क्षेत्रों में आवागमन और सड़क संपर्क को मजबूती मिली है।
इसके अलावा चंपावत, लोहाघाट और पिथौरागढ़ में बाईपास निर्माण की योजनाओं को लेकर भी जानकारी दी गई है। इन कार्यों के साथ जौलजीबी से बागेश्वर तक सड़क चौड़ीकरण की डीपीआर को वर्ष 2027-28 में स्वीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। इन परियोजनाओं से पहाड़ी क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक भी सड़क चौड़ीकरण की तैयारी
उत्तराखंड में सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने की योजनाओं में बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक का मार्ग भी शामिल है। इस सड़क को दो लेन में चौड़ा करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) अगले साल तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना के आगे के चरणों पर काम बढ़ाया जा सकेगा।







