रुद्रनाथ ट्रैक पर युवक का शव पेड़ से लटका मिला, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी-Newsnetra


चमोली। रुद्रनाथ ट्रैक पर स्थित ल्वींठी बुग्याल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मल्ला कुजौं गांव निवासी 25 वर्षीय अजय बिष्ट, पुत्र दर्शन सिंह बिष्ट, के रूप में हुई है। उसका शव एक पेड़ की टहनी से रस्सी के सहारे लटका मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह स्थानीय लोगों ने ट्रैक के पास पेड़ से युवक का शव लटका देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना से मृतक के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।





